पिथौरागढ़ में मुख्यमंत्री खिलाड़ी योजनाओं के ट्रायल की तैयारी तेज, 14 जुलाई से शुरू होंगे चयन

पिथौरागढ़। जनपद में वर्ष 2026-27 के लिए मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना एवं मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन कार्यक्रम के प्रभावी संचालन को लेकर बुधवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों योजनाओं के चयन ट्रायल की कार्ययोजना को अंतिम रूप देते हुए व्यापक प्रचार-प्रसार और चयन प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट ने बताया कि मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत विद्यालय स्तर पर चयन ट्रायल 14 से 15 जुलाई 2026 से शुरू होंगे। इसके बाद न्याय पंचायत स्तर पर 20-21 जुलाई, नगर पालिका, नगर निगम एवं विकासखंड स्तर पर 23-25 जुलाई तथा जिला स्तरीय अंतिम ट्रायल 27 से 29 जुलाई 2026 तक आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के कुल 300 खिलाड़ियों (150 बालक एवं 150 बालिकाएं) का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को ₹1,500 प्रतिमाह खेल छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। वर्ष 2022-23 से संचालित इस योजना के तहत अब तक 1,198 खिलाड़ियों को लाभ मिल चुका है।

बैठक में मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई। इस योजना के तहत 14 से 23 वर्ष आयु वर्ग के 200 खिलाड़ियों (100 बालक एवं 100 बालिकाएं) का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को ₹2,000 प्रतिमाह छात्रवृत्ति के साथ ₹10,000 प्रतिवर्ष खेल उपकरण सहायता दी जाएगी। योजना के ट्रायल 3 अगस्त 2026 से नगर निगम, नगर पालिकाओं एवं विकासखंड स्तर पर शुरू होंगे। अब तक इस योजना से 579 खिलाड़ी लाभान्वित हो चुके हैं।

चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता पर विशेष जोर

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी ने कहा कि दोनों योजनाएं प्रतिभावान खिलाड़ियों के भविष्य निर्माण के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हो तथा प्रत्येक जिला स्तरीय ट्रायल की वीडियोग्राफी कराई जाए। किसी भी आपत्ति की स्थिति में प्रतिभागी उसी दिन शाम 5 बजे तक अथवा प्रतियोगिता समाप्त होने के एक घंटे के भीतर लिखित आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।

ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य

बैठक में बताया गया कि दोनों योजनाओं में आवेदन के लिए खिलाड़ियों का संबंधित पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य होगा। इसके लिए जिलेभर में क्यूआर कोड युक्त फ्लेक्स जिला कार्यालय, शिक्षा विभाग, ब्लॉक, तहसील एवं सार्वजनिक स्थलों पर लगाए जाएंगे।

प्रतिभागियों को आवेदन के साथ निम्न दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे—

  • आधार कार्ड
  • स्थायी निवास प्रमाण पत्र
  • जन्म प्रमाण पत्र
  • बैंक पासबुक की स्वप्रमाणित प्रति

खिलाड़ियों की आयु की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी।

इन खेलों में होगा चयन

मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन कार्यक्रम के तहत निम्न 12 खेलों में चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे—

  • एथलेटिक्स
  • बॉक्सिंग
  • जूडो
  • कराटे
  • बैडमिंटन
  • ताइक्वांडो
  • वॉलीबॉल
  • फुटबॉल
  • बास्केटबॉल
  • हॉकी
  • टेबल टेनिस
  • कबड्डी

विद्यालय स्तर पर होगी शारीरिक दक्षता परीक्षा

उदीयमान खिलाड़ी योजना के तहत विद्यालय स्तर पर गठित समिति खिलाड़ियों की 6×10 शटल रन, 30 मीटर फ्लाइंग स्टार्ट, फॉरवर्ड बेंड एंड रीच, 1 किलोग्राम मेडिसिन बॉल पुट, 600 मीटर दौड़ और स्टैंडिंग ब्रॉड जंप जैसी शारीरिक दक्षता परीक्षाएं आयोजित करेगी। निर्धारित मानकों के आधार पर चयनित खिलाड़ी अगले स्तर के ट्रायल में भाग लेंगे।

व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश

सीडीओ ने जिला क्रीड़ा अधिकारी, सूचना विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का व्यापक प्रचार समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, डीआईपीआर ऐप, फेसबुक, इंस्टाग्राम तथा ब्लॉक एवं न्याय पंचायत स्तर तक किया जाए, ताकि कोई भी पात्र खिलाड़ी योजना का लाभ लेने से वंचित न रहे।

बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, पुलिस उपाधीक्षक जी.बी. जोशी, मुख्य शिक्षाधिकारी तरुण पंत, जिला युवा कल्याण अधिकारी डॉ. जगदीश नेगी, जिला पंचायत राज अधिकारी हरीश आर्य, उत्तराखंड जल संस्थान के अधिशासी अभियंता सी.एस. धौनी, चिकित्सा, शिक्षा, नगर निकाय, पुलिस एवं खेल विभाग के अधिकारी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे, जबकि जनपद मुख्यालय से बाहर के अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की।

Read Previous

सोरघाटी प्रीमियर लीग सीजन-2 का खिताब मां उल्का लायंस के नाम, विनय बने मैच और सीरीज के हीरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Popular