पिथौरागढ़ में ‘राग माला’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन, शास्त्रीय संगीत की सुमधुर प्रस्तुतियों से मंत्रमुग्ध हुए श्रोता

पिथौरागढ़, 12 जुलाई। लोक विरासत जनजातीय एवं लोक कला समिति, पिथौरागढ़ के हिंदुस्तानी क्लासिकल परफॉर्मिंग आर्ट्स डिवीजन के तत्वावधान में 11 जुलाई 2026 को जिला पंचायत सभागार में ‘राग माला’ शास्त्रीय संगीत संध्या का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से श्रोताओं को भारतीय शास्त्रीय संगीत की सुरमयी दुनिया से रूबरू कराया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती कल्पना देवलाल, वरिष्ठ समाजसेवी श्री हेम चंद्र पाण्डेय, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता श्री वरिन्द्र शाह ठुलगरिया तथा रेंज ऑफिसर श्री दिनेश जोशी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर अतिथियों ने समिति के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज को अपनी कला और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

संगीत संध्या में आमंत्रित कलाकार श्री प्रमोद जोशी, श्री कलम कुमार एवं तनुज भट्ट ने अपनी मधुर गायकी से वातावरण को सुरमय बना दिया। हारमोनियम पर श्री भास्कर कर्नाटक, श्री दिव्यांशु तथा श्री प्रियांशु राज ने प्रभावशाली संगत प्रस्तुत की, जबकि तबले पर श्री स्वरित शाह, श्री राज कुमार एवं श्री प्रियतोष कर्नाटक की शानदार थाप ने प्रस्तुतियों को और अधिक आकर्षक बना दिया। कलाकारों की सुर-ताल की बेहतरीन जुगलबंदी ने उपस्थित श्रोताओं को देर तक मंत्रमुग्ध किए रखा।

डिवीजन की निदेशक डॉ. पूजा पाण्डेय पुनेठा ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, कलाकारों एवं संगीत प्रेमियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से बताया कि सभी आमंत्रित कलाकारों ने इस मंच पर पूर्णतः निःशुल्क प्रस्तुति देकर कला के प्रति अपने समर्पण और समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया है।

उप निदेशक डॉ. रमा खर्कवाल भट्ट ने कलाकारों की उत्कृष्ट साधना की सराहना करते हुए भारतीय शास्त्रीय संगीत के संरक्षण एवं संवर्धन में उनके योगदान को प्रेरणादायी बताया।

समिति के संस्थापक अध्यक्ष पीयूष धामी ने कहा कि क्षेत्र में शास्त्रीय संगीत एवं लोक विरासत को प्रोत्साहित करने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले श्री रोहित भट्ट सहित समिति के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय संगीत प्रेमी, कला अनुरागी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सुर, ताल और रागों से सजी यह संगीत संध्या पिथौरागढ़ की सांस्कृतिक गतिविधियों में एक यादगार आयोजन बन गई।

Read Previous

पिथौरागढ़ में मुख्यमंत्री खिलाड़ी योजनाओं के ट्रायल की तैयारी तेज, 14 जुलाई से शुरू होंगे चयन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Popular