पांचवें कुमाउंनी भाषा सम्मेलन की तैयारियां शुरू, पिथौरागढ़ में हुई पहली बैठक

आदलि कुशलि कुमाउंनी मासिक पत्रिका के तत्वावधान में आगामी 21 एवं 22 जून 2026 को प्रस्तावित पांचवें कुमाउंनी भाषा सम्मेलन की पहली तैयारी बैठक नगर निगम हॉल, पिथौरागढ़ में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सम्मेलन के मुख्य संरक्षक डॉ. अशोक कुमार पंत ने की, जबकि संचालन साहित्यकार चिंतामणि जोशी ने किया।

पत्रिका की संपादक एवं संयोजक सचिव डॉ. सरस्वती कोहली ने सभी भाषा प्रेमियों का स्वागत करते हुए कहा कि आदलि कुशलि परिवार कुमाउंनी भाषा के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पिछले चार सम्मेलनों के अनुभवों के आधार पर इस बार सम्मेलन को और अधिक प्रभावी तथा उपयोगी बनाने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. अशोक कुमार पंत ने कहा कि कुमाउंनी भाषा का संवर्धन, उसे संवैधानिक मान्यता दिलाने और विद्यालयी पाठ्यक्रम में शामिल कराने जैसे विषय इस प्रकार के आयोजनों की मूल भावना होने चाहिए। उन्होंने विषयवस्तु के गंभीर चयन और सार्थक परिचर्चाओं पर जोर देते हुए आयोजन समितियों को अनुशासित एवं विषय-केंद्रित कार्यशैली अपनाने की सलाह दी।

सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया। अकादमिक समिति में डॉ. अशोक पंत, डॉ. सरस्वती कोहली, चिंतामणि जोशी, दिनेश भट्ट और डॉ. दीप चौधरी को जिम्मेदारी सौंपी गई।

कार्यक्रम संचालन समिति में चिंतामणि जोशी, अनिता जोशी, डॉ. किशोर पंत, रमेश चंद्र जोशी और दिनेश पंत को शामिल किया गया। सांस्कृतिक तैयारियों की जिम्मेदारी मुन्नी टम्टा, हर्षिता पुनेठा चंद एवं तनुज भट्ट को दी गई।

इसके अतिरिक्त बाल प्रतियोगिताओं, कवि सम्मेलन, मीडिया, लाइव ब्रॉडकास्ट, आवास, भोजन व्यवस्था एवं स्वागत समिति सहित विभिन्न जिम्मेदारियों के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। आयोजन एवं अकादमिक समिति को आवश्यकतानुसार समितियों में परिवर्तन और विस्तार का अधिकार भी प्रदान किया गया। बैठक में लगभग 40 भाषा प्रेमियों ने प्रतिभाग कर अपने सुझाव साझा किए।

कुमाउंनी भाषा के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में यह सम्मेलन एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Read Previous

निर्मल जोशी “पण्डित” पुण्यतिथि : उत्तराखण्ड आन्दोलन के क्रान्तिकारी योद्धा को श्रद्धांजलि

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Popular